विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया जनपद में शांतिपूर्वक एवं पारदर्शी ढंग से संचालित : जिलाधिकारी

दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई 11 सितंबर तक, अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 15 सितंबर को

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में आज गुरुवार को बहुउद्देशीय क्रीड़ा भवन, अगस्त्यमुनि में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के संबंध में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित SIR प्रक्रिया की प्रगति, दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण तथा अंतिम निर्वाचक नामावली के प्रकाशन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद रुद्रप्रयाग में विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गतिमान है। वर्तमान में दावे एवं आपत्तियों तथा नोटिस की सुनवाई का चरण चल रहा है, जो 14 जुलाई से प्रारंभ होकर 11 सितंबर, 2026 तक चलेगा। इसके उपरांत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 15 सितंबर, 2026 को किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जनपद रुद्रप्रयाग में कुल दो विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 07-केदारनाथ एवं 08-रुद्रप्रयाग हैं। दोनों विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर SIR के अंतर्गत कुल 45,734 नोटिस जारी किए गए थे। जिलाधिकारी ने बताया कि सभी नोटिस संबंधित मतदाताओं को वितरित किए जा चुके हैं तथा सभी नोटिसों के सापेक्ष सुनवाई की कार्रवाई भी पूर्ण कर ली गई है।

उन्होंने बताया कि कुल 45,734 नोटिसों में 42,461 विसंगतियों से संबंधित तथा 3,273 नो-मैपिंग से संबंधित थे। सुनवाई की प्रक्रिया के दौरान जांच एवं सत्यापन के उपरांत 101 मतदाता अपात्र पाए गए, जिनमें विभिन्न कारणों से स्थानांतरण अथवा मृत्यु आदि के मामले शामिल हैं। शेष 45,633 नामों को अंतिम प्रकाशन के लिए सम्मिलित किया गया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 364 मतदेय स्थल हैं। निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं राजनीतिक दलों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जनपद की मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों द्वारा अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त किए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा राजनीतिक दलों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समय-समय पर बैठकें आयोजित कर SIR प्रक्रिया की प्रगति साझा की गई। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा साप्ताहिक आधार पर संबंधित डाटा एवं सूचियां राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा करने का प्रयास किया गया, ताकि उनके सुझाव, आपत्तियां एवं शिकायतें समयबद्ध रूप से प्राप्त कर उनका नियमानुसार निस्तारण किया जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि SIR की पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं निर्धारित नियमों का अनुपालन सुनिश्चित किया गया है। राजनीतिक दलों की ओर से प्राप्त सभी कंसर्न, सुझाव एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना गया तथा जिला प्रशासन की टीम द्वारा उनका नियमानुसार निस्तारण किया गया।

फॉर्म-6, 7 एवं 8 के संबंध में भी दी जानकारी

जिलाधिकारी ने फॉर्म-6, 7 एवं 8 के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इनसे संबंधित कुल 3,161 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 1,483 आवेदन ई-रोल में अपडेट किए जा चुके हैं, जबकि 885 आवेदन स्वीकार किए गए हैं। वहीं 321 आवेदन निरस्त किए गए हैं तथा शेष आवेदनों पर बीएलओ स्तर एवं सुनवाई की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गतिमान है।

उन्होंने बताया कि दावे एवं आपत्तियों की प्रक्रिया 11 सितंबर, 2026 तक जारी रहेगी। इसके बाद निर्धारित समय-सीमा के भीतर अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा।

दोनों विधानसभा क्षेत्रों में नोटिस की सुनवाई पूर्ण

जिलाधिकारी ने बताया कि विधानसभा क्षेत्रवार नोटिस की सुनवाई की प्रक्रिया केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में 27 अगस्त, 2026 तथा रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में 29 अगस्त, 2026 को पूर्ण कर ली गई है।

उन्होंने बताया कि SIR से संबंधित समस्त महत्वपूर्ण सूचनाएं एवं अपडेट जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर समय-समय पर अपलोड किए जा रहे हैं। आगामी प्रक्रिया एवं अंतिम निर्वाचक नामावली से संबंधित जानकारी भी नियमानुसार वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संचालित हो रही है। इस पूरी प्रक्रिया में सभी राजनीतिक दलों द्वारा पूर्ण सहयोग प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों एवं उनके प्रतिनिधियों द्वारा समय-समय पर जो सुझाव, कंसर्न एवं शिकायतें प्रस्तुत की गईं, उनका जिला प्रशासन की टीम, संबंधित विभागों, बीएलओ एवं अन्य कार्मिकों द्वारा पूरी निष्ठा एवं मनोयोग से नियमानुसार समाधान किया गया।

जिलाधिकारी ने SIR की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संचालित करने में सहयोग देने वाले सभी राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों, बीएलओ, संबंधित विभागों एवं जिला स्तरीय टीम के अधिकारियों-कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि सभी के समन्वित प्रयासों से जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया सुचारू रूप से आगे बढ़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *