पीआईबी देहरादून द्वारा आयोजित उत्तराखंड के मीडिया प्रतिनिधिमंडल के लिए 5 दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रेस टूर

– उत्तराखंड के 11 पत्रकारों का समूह छत्तीसगढ़ में क्रियान्वित भारत सरकार की प्रमुख योजनाओं का करेंगे अवलोकन

– इस दौरे में मीडिया प्रतिनिधिमंडल एसईसीएल बिलासपुर, एनटीपीसी एवं BALCO कोरबा, 40 किलोवाट सौर परियोजना, जनजातीय संग्रहालय, सिरपुर का दौरा करेगा एवं स्वयं सहायता समूहों समेत छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट करेगा

– यह प्रेस टूर उत्तराखंड के पत्रकारों को केंद्र सरकार की विकास परियोजनाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है

सोमवार को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत पीआईबी देहरादून द्वारा आयोजित पांच दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रेस टूर के लिए उत्तराखंड से 13 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल छत्तीसगढ़ पहुंचा।

केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, वैज्ञानिक अनुसंधान, प्रौद्योगिकीय प्रगति और नवाचारों का प्रत्यक्ष अवलोकन कराने के उद्देश्य से पीआईबी देहरादून द्वारा उत्तराखंड के पत्रकारों के लिए आयोजित पांच दिवसीय राष्ट्रीय अध्ययन एवं मीडिया एक्सपोजर टूर (अध्ययन भ्रमण) सोमवार को जॉलीग्रांट एयरपोर्ट, देहरादून से रायपुर पहुंचा।

केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण परियोजनाओं एवं विकास कार्यों को भौतिक रूप से दिखाने के उद्देश्य से पीआईबी देहरादून द्वारा यह प्रेस टूर का आयोजन किया है। इस भ्रमण कार्यक्रम में विभिन्न मीडिया संस्थानों के पत्रकारों को छत्तीसगढ़ ले जाया गया है। जहां वे केंद्र सरकार के प्रमुख जनोन्मुखी उपलब्धियों का प्रत्यक्ष अवलोकन कर जमीनी हकीकत से रुबरु होंगे। यह प्रेस टूर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार की उस परंपरा का हिस्सा है जिसमें सरकारी नीतियों, कार्यक्रमों एवं विकास गतिविधियों को मीडिया के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जाते हैं।

इस अध्ययन यात्रा के दौरान प्रतिनिधिमंडल छत्तीसगढ़ स्थित प्रमुख राष्ट्रीय संस्थानों, शोध केन्द्रों तथा आधारभूत संरचना विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का दौरा करेगा। यात्रा का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड के मीडियाकर्मियों को राष्ट्रीय स्तर पर हो रहे विकास कार्यों,अनुसंधान, वैज्ञानिक नवाचारों और डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में आई क्रांति से रूबरू कराना है, ताकि जनहित से जुड़ी इन उपलब्धियों की सही जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जा सके।

पीआईबी चयनित परियोजना स्थलों पर ऐसे प्रेस टूर आयोजित करता है ताकि पत्रकार देश में चल रही विकास गतिविधियों का सीधा लेखा-जोखा ले सकें और उनकी व्यापक जनहित और राष्ट्रहित उपयोगिता को परख सकें।

इस दौरान मीडिया प्रतिनिधिमंडल एसईसीएल बिलासपुर, एनटीपीसी एवं बीएएलसीओ (BALCO) कोरबा, 40 किलोवाट सौर परियोजना, जनजातीय संग्रहालय, सिरपुर का दौरा करेगा एवं स्वयं सहायता समूहों समेत छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट करेगा।

पीआईबी देहरादून द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ प्रेस टूर के कंडक्टिंग ऑफिसर श्री संजीव सुंद्रियाल ने कहा कि “यह प्रेस टूर उत्तराखंड के पत्रकारों को केंद्र सरकार की विकास परियोजनाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे राज्य के पत्रकारों को छत्तीसगढ़ में केंद्र सरकार की उपलब्धियों की गहन, सटीक और स्पष्ट जानकारी मिलेगी।”

श्री सुंद्रियाल ने बताया कि इस प्रेस टूर का उद्देश्य है, पत्रकारों को विभिन्न राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाओं, संस्थानों एवं गतिविधियों का ज़मीनी स्तर पर प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हो सके। “राष्ट्रीय प्रेस टूर का प्राथमिक उद्देश्य क्षेत्रीय मीडिया और राष्ट्रीय स्तर की विकासात्मक प्राथमिकताओं के बीच एक मजबूत सेतु का निर्माण करना है। इस अध्ययन यात्रा से उत्तराखंड के पत्रकारों को देश की अत्याधुनिक तकनीकी और बुनियादी ढांचे की प्रगति को करीब से देखने और समझने का अवसर मिलेगा। हमारा प्रयास है कि इस एक्सपोजर टूर के माध्यम से मीडिया प्रतिनिधि जमीनी स्तर पर हो रहे बदलावों और नवाचारों का गहन विश्लेषण कर पाठकों तक सटीक व प्रामाणिक जानकारी पहुंचा सकें। समय-समय पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत पीआईबी देहरादून द्वारा ऐसे प्रेस टूर आयोजित किए जा रहे हैं साथ ही पीआईबी देहरादून की तरफ से इससे पहले भी हैदराबाद, उडीसा, विशाखापट्टनम प्रेस टूर आयोजित किए गए हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *