संविधान दिवस के अवसर पर MY Bharat बागेश्वर ने आयोजित किया ‘विकसित भारत युवा संवाद’

– सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, बागेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में 80 युवाओं ने लिया भाग।
– ‘विकसित भारत@2047’ और नशा मुक्त भारत के महत्व पर युवाओं ने किया संवाद।
– संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों के प्रति दोहराई प्रतिबद्धता।
– युवाओं से स्वस्थ, सकारात्मक और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने तथा समाज को जागरूक करने का आह्वान।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat), बागेश्वर द्वारा संविधान दिवस के अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, बागेश्वर में ‘विकसित भारत युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘विकसित भारत@2047’ की व्यापक थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं को भारत की विकास यात्रा, विकसित राष्ट्र के लक्ष्य और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया।

यह कार्यक्रम देशभर के 30 से अधिक राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 600 से अधिक जिलों में 500 से अधिक विधि महाविद्यालयों के माध्यम से आयोजित की जा रही राष्ट्रव्यापी पहल का हिस्सा है। इसके माध्यम से MY Bharat का उद्देश्य अमृत पीढ़ी की ऊर्जा और क्षमता को राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक रूप से जोड़ना तथा युवाओं को राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर संवाद, विचार-विनिमय और सामूहिक भागीदारी के अवसर प्रदान करना है।

कार्यक्रम के प्रमुख सत्र में श्री विजय कुमार ने ‘विकसित भारत@2047’ विषय पर प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने भारत की विकास यात्रा और वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प पर प्रकाश डाला। प्रस्तुतीकरण में गरीबी उन्मूलन, सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन तथा नक्सलवाद की चुनौती से निपटने में देश की प्रगति का उल्लेख किया गया। साथ ही स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त समाज के निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया गया। युवाओं को बताया गया कि नशे की समस्या व्यक्ति की क्षमता, परिवार के कल्याण, सामाजिक विकास और राष्ट्रीय उत्पादकता को प्रभावित करती है। विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए नशामुक्त भारत का निर्माण आवश्यक है, जिसमें युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी।

कार्यक्रम में सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री रमेश चंद्र सिंह असवाल तथा खिलाड़ी श्री पंकज सिंह गड़िया ने भी युवाओं से संवाद किया। उन्होंने अपने अनुभवों और जीवन यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रेरित किया तथा दृढ़ संकल्प, अनुशासन, निरंतर प्रयास और चुनौतियों का सामना करते हुए अपने लक्ष्य हासिल करने का संदेश दिया।

संविधान दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। इस दौरान न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई गई। युवाओं को नागरिक कर्तव्यों का पालन करने और संविधान के आदर्शों को अपने व्यवहार में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में 80 विद्यार्थियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रस्तुतीकरण, संवाद तथा चर्चा में सक्रिय सहभागिता की। इस पहल के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने, जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त भारत के संदेश को अपने परिवार एवं समुदाय तक पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

‘विकसित भारत युवा संवाद’ के माध्यम से MY Bharat युवाओं को संवाद, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का मंच उपलब्ध करा रहा है। कार्यक्रम ने ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के संदेश को आगे बढ़ाते हुए प्रतिभागियों से अपने साथियों, परिवारों और समुदायों को स्वस्थ, सकारात्मक एवं नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

पर्यावरणीय मानकों के उल्लंघन पर जिला प्रशासन एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त कार्रवाई, 06 प्रतिष्ठानों पर सीलिंग की कार्रवाई

एक दिन पहले विद्युत कनेक्शन काटे जाने के बाद आज प्रतिष्ठानों को किया गया सील

देहरादून। शासन एवं जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चौहान के निर्देशों के अनुपालन में जनपद देहरादून में पर्यावरणीय मानकों के उल्लंघन के विरुद्ध जिला प्रशासन एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा संयुक्त रूप से सख्त कार्रवाई की गई। संयुक्त कार्रवाई के तहत राजपुर रोड क्षेत्र में स्थित बार, रेस्टो बार, रेस्टोरेंट एवं अन्य प्रतिष्ठानों सहित कुल 06 प्रतिष्ठानों को सील करने की कार्रवाई की गई।
प्रशासन द्वारा संबंधित प्रतिष्ठानों को पर्यावरणीय मानकों एवं निर्धारित नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। उल्लंघन पाए जाने पर पूर्व में संबंधित प्रतिष्ठानों के विद्युत कनेक्शन काटे गए थे। उक्त कार्रवाई के क्रम में आज संबंधित प्रतिष्ठानों को सील किया गया।

सील किए गए प्रतिष्ठानों में मै0 मोजो रेस्टो बार एवं पार्टी लाउन्स, राजपुर रोड, मै0 लाइफस्टाइल (प्लेबॉय), राजपुर रोड, मै0 लेवल वन रेस्टो, राजपुर रोड, मै0 केएफसी, सेफ्योर फूड इंडिया, यूनिट-4, अपर ग्राउंड फ्लोर, वर्ल्ड ट्रेड टावर, राजपुर रोड, मै0 एएस-4, इंट्रीमेंटेड फैसिलिटी मैनेजमेंट सर्विसेज प्रा0 लि0, राजपुर रोड, देहरादून शामिल हैं।

जिला प्रशासन द्वारा पर्यावरणीय नियमों एवं निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी तथा जनहित और पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिगत किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संयुक्त कार्रवाई के दौरान क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी नरेश गोस्वामी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वैज्ञानिक अधिकारी, तहसीलदार सदर तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *