जन सुनवाई में 31 शिकायतें दर्ज, 14 का मौके पर निस्तारण: मुख्य विकास अधिकारी ने समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार कक्ष में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 31 शिकायतें दर्ज की गई, जिनमें से 14 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को त्वरित निस्तारण हेतु प्रेषित किया गया।

जन सुनवाई के दौरान फरियादियों ने अपनी समस्याएं मुख्य विकास अधिकारी के समक्ष रखीं। आगर गांव की पूनम देवी ने बताया कि वह गरीब महिला हैं और उनके पास कच्चा आवास है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभ दिए जाने की मांग की। उरोली निवासी बृजमोहन काला ने अपने आवासीय भवन की सुरक्षा की गुहार लगाई। क्यूंजा गांव के विक्रम लाल ने भू-धंसाव के कारण अपने आवासीय भवन के आगे-पीछे सुरक्षा दीवार बनवाने की मांग की। रतूडा की बबीता देवी ने रेलवे निर्माण से आवास क्षतिग्रस्त होने के चलते अन्यत्र विस्थापन के लिए प्रार्थना पत्र सौंपा। सतेराखाल के वीर सिंह ने कहा कि उनके मकान के ऊपर भीमल का पेड़ गिरने का खतरा बना हुआ है, लिहाजा सुरक्षा की दृष्टि से उसे कटवाने की अनुमति दी जाए। दरमोला के विक्रम लाल ने बताया कि 29 जुलाई को हुई भारी बारिश से सड़क का पुश्ता ढह गया, जिससे सड़क किनारे लगी उनकी ठेली और सारा सामान खाई में गिर गया। इससे उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। इस तरह कुल 31 समस्याएं दर्ज की गई। जिनमें 14 का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं शेष को निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।

मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और निर्धारित समयावधि में उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सीएम पोर्टल पर दर्ज समस्याओं की भी समीक्षा की। बताया कि एल-1 पर 102 तथा एल-2 पर 29 शिकायतें निस्तारण हेतु लंबित हैं उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का यथाशीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, उप जिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. पारूल गोयल, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अखिलेश मिश्रा, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र सिंह बिष्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी टीआर मलेठा, शिकायत प्रकोष्ठ प्रभारी विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व शिकायतकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *