*जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित*
*बच्चों के आधार नामांकन एवं अनिवार्य बायोमेट्रिक अद्यतन को प्राथमिकता देने के निर्देश*
जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की बैठक शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जनपद में आधार नामांकन, अनिवार्य बायोमेट्रिक अद्यतन एवं आधार से संबंधित विभिन्न सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों एवं आधार नामांकन/अपडेट केंद्रों के माध्यम से संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जनपदवासियों को आधार नामांकन एवं आधार में आवश्यक संशोधन/अद्यतन की सुविधा सुगमता से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों के आधार नामांकन एवं अनिवार्य बायोमेट्रिक अद्यतन कार्य को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने आधार सेवाओं के लिए उपलब्ध मशीनों के सुचारू संचालन तथा आवश्यकतानुसार विशेष आधार कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद में लंबित प्रकरणों एवं कॉम्प्लिकेशन केसों की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही आधार मशीनों के संचालन में आ रही समस्याओं के संबंध में टीम गठित कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जनपद में 100 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों का सत्यापन एवं वेरिफिकेशन सुनिश्चित करने तथा जनपद में अब तक किए गए आधार नामांकन की आयु वर्गवार जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी तहसीलों में आधार नामांकन एवं अपडेट से संबंधित सुविधाओं के लिए विशेष कैंप आयोजित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी आधार केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए नागरिकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने बंद अथवा निष्क्रिय आधार केंद्रों को तत्काल संचालित करने, आधार से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा आमजन को आधार सेवाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
बैठक में जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक सोनी मेहरा, खंड विकास अधिकारी अगस्त्यमुनि सुरेश शाह, सहायक परियोजना प्रबंधक यूआईडीएआई, ई-जनपद प्रबंधक अमित रावत, सीएससी प्रबंधक सहित नामांकन एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
