रूद्रपुर गुरूवार 26 नवम्बर को जनपद में संविधान दिवस के रूप में मनाया गया। जनपद मुख्यालय में कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कलेक्ट्रेट परिसर में अधिकारियों/कर्मचारियों को संविधान की शपथ दिलाई।
जिलाधिकारी ने कहा कि देश के हर नागरिक के लिए प्रतिवर्ष 26 नवंबर का दिन बेहद खास होता है। इसी दिन देश की संविधान सभा ने मौजूदा संविधान को विधिवत रूप से अपनाया था। यह संविधान ही है जो हमें आजाद नागरिक की भावना का एहसास कराता है। जहां संविधान के दिए मौलिक अधिकार हमारी ढाल बनकर हमें हमारा हक दिलाते हैं, वहीं इसमें दिए मौलिक कर्तव्य में हमें हमारी जिम्मेदारियां भी याद दिलाते हैं। हर वर्ष 26 नवंबर का दिन देश में संविधान दिवस के तौर पर मनाया जाता है। 26 नवंबर को राष्ट्रीय कानून दिवस के रूप में भी जाना जाता है। 26 नवंबर, 1949 को ही देश की संविधान सभा ने संविधान को विधिवत रूप से अपनाया था। हालांकि इसे 26 जनवरी, 1950 को लागू किया गया था। उन्होंने कहा कि हम अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा व ईमानदारी से निर्वहन करते हुए देश की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान निभा सकते हैं।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी निर्मला बिष्ट, विनोद कुमार, उप जिलाधिकारी रेखा आर्या, संयुक्त निदेशक अभियोजन डीएस जंगपांगी, तहसीलदार कुलदीप पाण्डे, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमा शंकर नेगी, डीजीसी क्राइम नंदन सिंह धामी, सीमा रानी, जयपाल सिंह, रतन सिंह कम्बोज, सुमित कन्याल, सुजाता आजाद, गुल्फसा मलिक, बसंती गिरी, प्रकाश चन्दोला आदि मौजूद थे।

