जनपद की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए जिलाधिकारी के निर्देशों का धरातल पर दिखने लगा असर

राष्ट्रीय राजमार्ग के अधीन सड़कों पर डामरीकरण एवं मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर जारी

सड़कों के गड्ढामुक्त होने से स्थानीय जनता एवं श्रद्धालुओं को आवागमन में मिलेगी सुविधा

मुख्यमंत्री ने 15 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने का दिया है लक्ष्य

हरिद्वार, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा जनपद की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए दिए गए निर्देशों का धरातल पर असर दिखाई देने लगा है।अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग रुड़की सुरेश तोमर ने अवगत कराया है कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में राष्ट्रीय राजमार्ग 334 ए प्रदार्था क्षेत्रांतर्गत सड़कों को मरम्मत,पेंचवर्क एवं डामरीकरण का कार्य दिन रात किया जा रहा है।
राष्ट्रीय राजमार्ग द्वारा क्षतिग्रस्त एवं गड्ढायुक्त सड़कों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत एवं डामरीकरण का कार्य किया जा रहा है। कार्य में तेजी लाने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा लगातार मौके पर निरीक्षण भी किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सड़कों की मरम्मत एवं गड्ढामुक्त किए जाने के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण किया जाए।
सड़कों के गड्ढामुक्त होने से जनपदवासियों के साथ ही हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी तथा सड़के गड्ढामुक्त होने से सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी नहीं होगी।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश की सड़कों को 15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में जनपद हरिद्वार में भी संबंधित विभागों द्वारा सड़क मरम्मत एवं गड्ढामुक्ति के कार्य को प्राथमिकता के साथ कराया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *