भीमताल में नैनीताल जनपद की समीक्षा बैठक सम्पन्न, अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ : रामपाल सिंह
भीमताल, बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति, उत्तराखंड सरकार के उपाध्यक्ष एवं दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह ने आज भीमताल स्थित विकास भवन सभागार में नैनीताल जिले के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक कर केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं के क्रियान्वयन, उनकी वर्तमान स्थिति तथा आमजन तक उनकी पहुंच को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान मां उपाध्यक्ष दर्जा मंत्री रामपाल सिंह जी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी एवं उत्तराखंड के यशस्वी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व में सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान और समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ऐसे में सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध और प्रभावी तरीके से पहुंचे।
उन्होंने कहा कि किसी भी योजना की सफलता तभी मानी जाएगी, जब उसका लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करें।
उपाध्यक्ष रामपाल सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए क्षेत्रीय स्तर पर आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। अधिकारियों को केवल कार्यालय तक सीमित न रहकर फील्ड में जाकर धरातल की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के निर्देश भी दिये गये।उन्होंने कहा कि जनसेवा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रत्येक अधिकारी को इसी भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी अधिकारी जनहित को सर्वोपरि रखते हुए पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के संकल्प को धरातल पर साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मुकेश नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी रंणजीत सिंह नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी रश्मि पन्त, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेख बिष्ट जिला खाद्य अधिकारी मनोज कुमार बर्मन, सहित श्रम, समाज कल्याण सहित अन्य विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

