किसानों के साथ अपर जिलाधिकारी ने किया संवाद, समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा।

रुद्रपुर ।जनपद में किसानों द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विगत दो दिनों से किए जा रहे धरना-प्रदर्शन के क्रम में आज अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने धरना स्थल पर पहुंचकर किसानों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने किसानों द्वारा प्रस्तुत मांग-पत्र में उल्लिखित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की।

अपर जिलाधिकारी ने मांग-पत्र में उल्लिखित बिंदुओं के संबंध में स्पष्ट किया कि इनमें से कई मांगें नीतिगत हैं, जिन पर जिला स्तर से निर्णय लिया जाना संभव नहीं है। ऐसे मामलों में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई शासन स्तर से की जानी है।

वार्ता के दौरान किसानों ने अपनी स्थानीय एवं व्यक्तिगत समस्याओं से भी अपर जिलाधिकारी को अवगत कराया। किसानों द्वारा विद्युत, भूमि सहित विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से रखा गया। अपर जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने समस्याओं के निराकरण को लेकर किसानों से उनके सुझाव भी प्राप्त किए तथा अपनी ओर से भी आवश्यक सुझाव एवं समाधान के संबंध में जानकारी दी।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है तथा जो भी समस्याएं जिला स्तर पर नियमानुसार हल की जा सकती हैं, उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया जाएगा। वहीं, नीतिगत एवं शासन स्तर से संबंधित मांगों को नियमानुसार उच्च स्तर पर प्रेषित किए जाने की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने किसानों से आपसी संवाद एवं समन्वय के माध्यम से समस्याओं के समाधान की दिशा में आगे बढ़ते हुए धरना समाप्त करने का अनुरोध किया।

वार्ता के दौरान अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय के साथ गन्ना आयुक्त टी.एस. मार्टोलिया, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, ऋचा सिंह, गौरव पांडे, मुख्य कृषि अधिकारी वी.के. यादव, अधीक्षण अभियंता विद्युत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *