-मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में सड़कों को गड्ढामुक्त करने तथा हरकी पैड़ी एवं अन्य घाटों के सौंदर्यीकरण कार्यों को समयबद्धता के साथ पूर्ण करने के दिए गए है निर्देश

-राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को डामरीकरण कार्य गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश

-हरकी पैड़ी क्षेत्र के मंदिरों एवं घाटों का सौंदर्यीकरण कार्य दीपावली से पूर्व हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश, कार्यों में तेजी लाने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के दिए निर्देश

हरिद्वार। आगामी कुंभ मेले के दृष्टिगत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद में सड़कों को गड्ढामुक्त करने तथा हरकी पैड़ी एवं अन्य घाटों के सौंदर्यीकरण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के लिए जिला प्रशासन लगातार कार्यों की निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित शनिवार देर रात्रि को धरातल पर पहुंचकर विभिन्न क्षेत्रों में रात के समय चल रहे निर्माण कार्यों, पेंटिंग कार्यों एवं घाटों के सौंदर्यीकरण कार्यों का संबंधित अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने चंडी घाट चौक से शंकराचार्य चौक, प्रेम नगर चौक, सिंह द्वार, गुरुकुल कांगड़ी हाईवे तथा हरकी पैड़ी क्षेत्र में चल रहे निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।       जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए किए जा रहे डामरीकरण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा कार्यों को समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
हरकी पैड़ी क्षेत्र में चल रहे मंदिरों, घाटों एवं पुलों के सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि दीपावली से पहले सभी संबंधित कार्य हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि हरिद्वार की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को देखते हुए घाटों एवं मंदिरों के सौंदर्यीकरण कार्यों को विशेष प्राथमिकता दी जाए तथा कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि रात के समय संचालित कार्यों की प्रभावी निगरानी की जाए तथा आवश्यक संसाधनों एवं श्रमिकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप जनपद में चल रहे निर्माण, सड़क मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों की प्रगति की लगातार समीक्षा की जाएगी तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, राष्ट्रीय राजमार्ग के डिप्टी मैनेजर प्रज्वल, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित संबंधित संस्थाओं के अधिकारी एवं कॉन्ट्रैक्टर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *