राज्य सरकार की स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने की पहल को मिल रही गति, नाबार्ड ने युवाओं को किया प्रेरित
राज्य सरकार द्वारा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने, स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी दिशा में राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) द्वारा राष्ट्रव्यापी ग्राम युवा शक्ति अभियान के अंतर्गत बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड साइंसेज, भीमताल में जिला स्तरीय जागरूकता एवं प्रेरणा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में संस्थान के लगभग 100 युवा विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान युवाओं को उद्यमिता, स्वरोजगार, कौशल विकास, बैंक ऋण, सरकारी योजनाओं, तकनीकी मार्गदर्शन एवं विपणन के अवसरों की जानकारी दी गई। युवाओं को नौकरी तलाशने के साथ-साथ रोजगार सृजनकर्ता बनने के लिए प्रेरित किया गया।
नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक मुकेश बेलवाल ने ग्राम युवा शक्ति अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों, खाद्य प्रसंस्करण, ग्रामीण पर्यटन, विनिर्माण, सेवा क्षेत्र तथा तकनीक आधारित उद्यमों में स्वरोजगार की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने ग्रामीण उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए नाबार्ड की विभिन्न योजनाओं एवं विकासात्मक पहलों की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में विभिन्न बैंकों, विभागों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने युवाओं को वित्तीय सहायता, कौशल विकास, तकनीकी नवाचार, उद्यम स्थापना तथा बाजार से जुड़ने के अवसरों के बारे में जानकारी दी। साथ ही स्थानीय संसाधनों एवं आधुनिक तकनीक का उपयोग कर नए उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक अमित बाजपेयी, नैनीताल जिला सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधक दीपक भट्ट, उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की शाखा प्रबंधक ममता कुमारी सहित विभिन्न विभागों एवं संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित संवादात्मक सत्र में विद्यार्थियों ने उद्यमिता से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे तथा अपने व्यावसायिक विचार एवं रुचियां साझा कीं। कई विद्यार्थियों ने भविष्य में स्वयं का उद्यम स्थापित करने की इच्छा भी व्यक्त की।
नाबार्ड की इस पहल के माध्यम से संभावित युवा उद्यमियों की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन, बैंक ऋण एवं बाजार संबंधी सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इससे राज्य सरकार के आत्मनिर्भरता, स्वरोजगार प्रोत्साहन एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के संकल्प को भी गति मिलेगी।

