*सेवा संकल्प अभियान “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के अंतर्गत नगर पंचायत पिरान कलियर में बहुद्देशीय शिविर में आयोजित किया गया*

*राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति की अध्यक्षता में नगर पंचायत पिरान कलियर में आयोजित हुआ ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर, 11 शिकायतें प्राप्त, 5 का मौके पर निस्तारण*

*शिविर में 25 विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी क्षेत्रवासियों को उपलब्ध कराई गई*

*हरिद्वार।   मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को नगर पंचायत पिरान कलियर क्षेत्र में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ सेवा संकल्प अभियान कार्यक्रम के अंतर्गत शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) शोभाराम प्रजापति ने की।

राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति ने शिविर में अपने संबोधन में कहा कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम प्रदेश सरकार की जनहितकारी पहल है, जिसके माध्यम से सरकार स्वयं जनता के बीच पहुँचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ सरलता एवं पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराना तथा उनकी शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रही है, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचे और लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

शिविर में राजस्व, ग्राम विकास, शहरी विकास, समाज कल्याण, खाद्य एवं आपूर्ति, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, कृषि एवं कृषक कल्याण, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य, कौशल विकास एवं सेवायोजन, गृह, आयुष, श्रम तथा ऊर्जा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। विभागीय अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया।

कार्यक्रम के दौरान आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना गया। शिविर में कुल 11 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 5 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 6 शिकायतों एवं आवेदनों को आवश्यक कार्रवाई एवं निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।

शिविर में लगभग 450 लोगों ने प्रतिभाग किया। जिसमें 117 पात्र व्यक्तियों को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओ से लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत दिलाना, उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना रहा।

शिविर में संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं नोडल अधिकारी रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ तथा अधिशासी अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी नगर पंचायत पिरान कलियर कुलदीप सिंह चौहान उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधानसभा पिरान कलियर के संयोजक मुनीश सैनी, प्रदेश उपाध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा अफजाल अहमद, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती समीना, प्रतिनिधि  सलीम प्रधान, मंडल अध्यक्ष  गौरव सैनी सहित नगर पंचायत के समस्त सभासदगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *