लक्जरी एवं स्लीपर बसों के विरुद्ध विशेष संयुक्त चेकिंग अभियान—185 चालान, 16 वाहन सीज*
*हरिद्वार। जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशानुसार तथा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) श्रीमती नेहा झा के नेतृत्व में जनपद में संचालित लक्जरी एवं स्लीपर बसों के विरुद्ध व्यापक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस अभियान में संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक)आनंद वर्धन द्वारा बसों की तकनीकी एवं सुरक्षा मानकों के आधार पर गहन जांच की गई। एआरएम रोडवेज श्री विशाल कुमार की सहभागिता में संयुक्त चेकिंग करते हुए बसों के संचालन, संरचना, यात्री क्षमता एवं संबंधित अभिलेखों की जांच की गई।
चेकिंग के दौरान अनधिकृत रूप से वाहन की संरचना में परिवर्तन, निर्धारित बस बॉडी कोड का उल्लंघन, क्षमता से अधिक यात्री परिवहन, ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी अनियमितता तथा अन्य यातायात एवं परिवहन नियमों के उल्लंघन के मामलों में कार्रवाई की गई। अभियान के अंतर्गत कुल 185 वाहनों के चालान किए गए तथा गंभीर उल्लंघनों में 16 वाहनों को सीज किया गया। तकनीकी एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए तीन वाहनों की फिटनेस निलंबित किए जाने की संस्तुति भी की गई।
विशेष चेकिंग अभियान में परिवहन कर अधिकारी श्रीमती वरुणा सैनी, मुकेश भारती, भारत भूषण एवं हरीश सती द्वारा सक्रिय सहभागिता करते हुए विभिन्न स्थानों पर बसों की जांच एवं प्रवर्तन कार्रवाई की गई।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) श्रीमती नेहा झा ने बस संचालकों को निर्देशित किया कि वे वाहनों का संचालन स्वीकृत संरचना, निर्धारित यात्री क्षमता तथा बस बॉडी कोड एवं अन्य वैधानिक सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही सुनिश्चित करें। यात्रियों की सुरक्षा से समझौता करने वाले, अनधिकृत परिवर्तन करने वाले तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों की सुरक्षित एवं नियमसम्मत यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के विशेष चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रखे जाएंगे।
