हरिद्वार। नगर निगम हरिद्वार ने शहर में बढ़ते बंदरों के उपद्रव पर नियंत्रण पाने के लिए विशेष बंदर पकड़ो अभियान शुरू किया है। लंबे समय से विभिन्न वार्डों के पार्षदों और स्थानीय नागरिकों द्वारा बंदरों के आतंक की शिकायतें की जा रही थीं, जिन पर निगम ने अब गंभीर पहल की है।

हाल ही में हुई नगर निगम की बोर्ड बैठक में इस विषय पर विस्तृत चर्चा हुई और सर्वसम्मति से एक आउटसोर्स एजेंसी को बंदर पकड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

अभियान के पहले दिन निगम द्वारा नियुक्त फर्म की टीम ने कनखल क्षेत्र से 12 बंदरों को सुरक्षित रूप से पकड़ लिया। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, पकड़े गए सभी बंदरों को नियमानुसार जंगल में छोड़ा जाएगा।

महापौर किरण जैसल ने बताया कि निगम प्रशासन का उद्देश्य शहरवासियों को बंदरों के उत्पात से मुक्ति दिलाना है।

“निगम प्रशासन का लक्ष्य नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना है। बंदरों से होने वाली असुविधा को समाप्त करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।”

वहीं उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने कहा कि बंदर पकड़ने की पूरी प्रक्रिया मानवीय तरीके से की जा रही है। उन्होंने बताया, “पकड़े गए सभी बंदरों को जंगलों में छोड़ा जा रहा है। नगर निगम की प्राथमिकता नागरिकों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना है।”

नगर निगम ने बताया कि आने वाले दिनों में यह अभियान शहर के अन्य प्रभावित वार्डों—जैसे ज्वालापुर, भीमगोड़ा, और हर की पैड़ी क्षेत्र—में भी चलाया जाएगा ताकि आमजन को बंदरों के उपद्रव से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *