*घाटों का औचक निरीक्षण, अतिक्रमण पर सख्ती और GPS आधारित उपस्थिति से कर्मचारियों की जवाबदेही सुनिश्चित*
नगर आयुक्त नंदन कुमार (IAS) ने आज नाई घाट, सुभाष घाट, हर की पैड़ी चौक, संजय पुल एवं धनुष पुल क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान घाटों की सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण नियंत्रण और समग्र व्यवस्थाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
*अतिक्रमण हटाओ अभियान की सराहना*
नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे सफाई एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान की स्थानीय व्यापारियों ने सराहना की। सुभाष घाट, नाई घाट और गऊघाट पर तैनात पीआरडी जवानों के कारण अतिक्रमण लगभग समाप्त हो गया है। व्यापारियों ने इस व्यवस्था के लिए नगर आयुक्त का आभार व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक अर्जुन, धीरेंद्र सेमवाल, तथा सफाई नायक कपिल, अशोक चौहान, संदीप और अतुल उपस्थित रहे।
*कर्मचारियों की उपस्थिति पर कड़ी निगरानी*
नगर निगम को हाल ही में शिकायतें मिली थीं कि कुछ सफाई कर्मचारी नियमित रूप से ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हो रहे हैं। शिकायतों के आधार पर नगर आयुक्त ने एक सप्ताह पूर्व महत्वपूर्ण आदेश जारी किए की कुछ प्रमुख बातें जिसमें
– प्रत्येक कर्मचारी को सुबह और शाम, दोनों शिफ्ट में GPS लोकेशन सहित फोटो व्हाट्सएप ग्रुप में भेजना अनिवार्य।
– सभी निरीक्षकों को कम से कम एक माह की GPS उपस्थिति फोटो सुरक्षित रखने के निर्देश।
– उपस्थिति की कभी भी आकस्मिक जांच की जा सकती है।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद कर्मचारियों द्वारा दोनों शिफ्ट की GPS युक्त फोटो नियमित रूप से साझा की जा रही हैं, जिससे 100% उपस्थिति सुनिश्चित हो रही है।
*नगर आयुक्त नंदन कुमार (IAS)*
“नगर आयुक्त का कहना है कि घाट क्षेत्र हमारी सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान है। यहां स्वच्छता और व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। अतिक्रमण रोकने, सफाई व्यवस्था सुधारने और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए सख्त और पारदर्शी प्रणाली लागू की गई है। GPS आधारित उपस्थिति से जवाबदेही बढ़ी है और घाटों को स्वच्छ, सुरक्षित व व्यवस्थित रखने में यह बड़ा कदम साबित होगा।”
नगर आयुक्त नंदन कुमार ने नागरिकों और व्यापारियों के सहयोग के लिए धन्यवाद भी व्यक्त किया।
