मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के जनपद स्तरीय ट्रायल जारी,*

*दूसरे दिन 17 से 19 वर्ष के खिलाड़ियों के ट्रायल लिये गये।*

*छात्रवृत्ति पाने हेतु 94 खिलाड़ियों ने जोर लगाया।*

खेल निदेशालय, उत्तराखण्ड के सौजन्य से खेल विभाग, पिथौरागढ़ द्वारा संचालित मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के अन्तर्गत जनपद स्तरीय चयन ट्रायल स्थानीय श्री सुरेन्द सिंह वल्दिया स्पोर्ट्स स्टेडियम में जारी है।

चयन प्रक्रिया के दूसरे दिन 24 अप्रैल, 2025 को 12 विभिन्न खेलों में सभी विकास खण्डो से 17 से 19 वर्ष की आयु सीमा में चयनित 60 बालक एवं 34 बालिका कुल 94 खिलाड़ियों ने खेल छात्रवृत्ति एवं खेल किट/खेल उपकरण की सहायता प्राप्त करने हेतु जोर लगाया।

चयन प्रक्रिया हेतु बैटरी टेस्ट के साथ-साथ खेल स्पर्धा/विशिष्ट कौशल का भी मूल्यांकन किया गया। जनपद स्तरीय ट्रायल में मैरिट के आधार पर सर्वश्रेष्ठ अंक प्राप्त करने वाले बालक-बालिका खिलाड़ियों को उनका मनोबल बढ़ाये जाने एवं खेलों में प्रोत्साहन हेतु छात्रवृत्ति प्रतिमाह रू0 2000/-प्रति खिलाड़ी एवं खेल किट, उपकरण हेतु एकमुश्त सहायता रू0 10000/-प्रति खिलाड़ी डी0बी0टी0 के माध्यम से प्रदान की जायेगी।

सम्पूर्ण चयन ट्रायल्स में पारदर्शिता हेतु वीडियोग्राफी करायी गयी। ट्रायल में प्रतिभाग करने वाले प्रत्येक बालक-बालिका खिलाड़ियों हेतु दोपहर में भोजन व्यवस्था उपलब्ध करायी गयी।

जिला क्रीड़ा अधिकारी, पिथौरागढ़ अनूप बिष्ट ने चयन ट्रायल के सफलतापूर्वक आयोजन के लिये सभी का आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया तथा जानकारी दी गयी कि कल तीसरे दिन 25 अप्रैल, 2025 को 19 से 21 वर्ष एवं 21 से 23 वर्ष के बालक-बालिका खिलाड़ियों के ट्रायल लिये जायेगें।

चयन ट्रायल को सम्पन्न कराने में जिला युवा कल्याण अधिकारी डॉ0 जगदीश सिंह नेगी, सहायक प्रशिक्षक सतीश कुमार, शिक्षा विभाग के जिला खेल समन्वयक विक्रम सिंह दिगारी, ब्लॉक खेल समन्वयक किशोर शाह, व्यायाम प्रशिक्षक दीपांक वर्मा, सहायक व्यायाम अध्यापकों, युवा कल्याण विभाग, पुलिस विभाग, चिकित्सा विभाग एवं खेल विभाग के प्रशिक्षकों द्वारा सहयोग दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *