कुंभ-2027: गंगा नहर क्लोजर के दौरान घाट निर्माण की सबसे बड़ी चुनौती सफलतापूर्वक पार, महत्वपूर्ण कार्य तय समयसीमा में पूरे

मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका के निर्देश पर युद्धस्तर पर दिन-रात चला काम, गुणवत्ता और समयबद्धता के लिए होती रही निरंतर निगरानी

लगभग सवा तीन किलोमीटर लंबाई में 10 नए घाटों का निर्माण, 56 पुराने घाटों के जलमग्न हिस्सों की मरम्मत भी पूरी; शेष कार्य 30 नवंबर तक होंगे संपन्न

हरिद्वार,  कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के अंतर्गत हरिद्वार में घाटों के निर्माण एवं मरम्मत को लेकर गंगा नहर क्लोजर की अवधि में किए जाने वाले सबसे महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूरे कर लिए गए हैं। सामान्य जलप्रवाह शुरू होने के बाद जिन कार्यों को करना संभव नहीं था, उन्हें क्लोजर अवधि में युद्धस्तर पर दिन-रात काम कराकर निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही कुंभ मेला-2027 के लिए घाटों के निर्माण की सबसे बड़ी तकनीकी एवं समयबद्धता संबंधी चुनौती को सफलतापूर्वक पार कर लिया गया है।

मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका के निर्देश पर क्लोजर अवधि का प्रभावी उपयोग करते हुए घाटों के जलमग्न रहने वाले हिस्सों तथा नदी तल में जलस्तर से नीचे किए जाने वाले निर्माण कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। इन कार्यों को निर्धारित समय में पूरा कराने के लिए दिन-रात काम कराया गया। साथ ही निर्माण कार्यों की समयबद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर निगरानी की व्यवस्था की गई थी। इसी का परिणाम रहा कि गंगा नहर क्लोजर की अवधि समाप्त होने से पहले ही सभी आवश्यक एवं महत्वपूर्ण कार्य पूरे कर लिए गए।

सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता श्री अनुभव नौटियाल ने बताया कि कुंभ मेला-2027 में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हरिद्वार में लगभग सवा तीन किलोमीटर लंबाई में 10 नए घाटों का निर्माण कराया जा रहा है। इन सभी घाटों का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्यों को भी आगामी 30 नवंबर तक पूरा कर लिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि नए घाटों के निर्माण के साथ ही अपर गंगा कैनाल पर पूर्व में निर्मित 34 घाटों तथा एस्केप चैनल पर स्थित 22 पुराने घाटों के जलमग्न रहने वाले हिस्सों की मरम्मत का कार्य भी क्लोजर अवधि के दौरान पूरा कर लिया गया है। इन सभी कार्यों को सामान्य जलप्रवाह शुरू होने से पहले पूरा करना आवश्यक था।

श्री नौटियाल ने बताया कि गंगा नहर बंदी की अवधि आज रात समाप्त हो रही है। क्लोजर के दौरान किए जाने वाले सभी आवश्यक निर्माण एवं मरम्मत कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे कर लिए गए हैं। अब सामान्य जलप्रवाह शुरू होने के बाद घाटों के जलस्तर से ऊपर के शेष निर्माण कार्यों तथा सौन्दर्यीकरण एवं फिनिशिंग के कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि शेष कार्यों को भी निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाएगा, ताकि कुंभ मेला-2027 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक घाट उपलब्ध कराए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed