*दीपावली पर्व के दृष्टिगत आतिशबाजी की अस्थाई दुकानों के संचालन एवं लाइसेंस जारी करने को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में बैठक आयोजित*
*जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयोजित बैठक में सुरक्षा मानकों के पालन, अग्निशमन व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर दिए गए आवश्यक निर्देश*
*हरिद्वार। आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी की अध्यक्षता में नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय हरिद्वार में आतिशबाजी की अस्थाई दुकानों को लगाने एवं आतिशबाजी के लाइसेंस जारी किए जाने के संबंध में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पूर्व से चिन्हित किए गए आतिशबाजी बिक्री स्थलों पर ही आतिशबाजी की दुकानें लगाए जाने के निर्देश दिए गए। आतिशबाजी की दुकानों में पानी, रेत एवं बालू तथा अग्निशमन उपकरण (एक्सटिंग्यूशर) लगाने के लिए कहा गया। दुकानों के आसपास विद्युत लाइनों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश विद्युत विभाग को दिए गए। साथ ही निर्देशित किया गया कि चिन्हित स्थानों के अतिरिक्त अन्य किसी भी स्थान पर आतिशबाजी की दुकानें किसी भी दशा में न लगाई जाएं।
सिटी मजिस्ट्रेट ने निर्देश दिए कि केवल देशी पटाखों की ही बिक्री की जाए तथा विदेशी पटाखों की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। जल संस्थान को दीपावली के त्योहार पर सभी संसाधनों के सुचारू रूप से कार्य करने एवं नलकूप पंप हाउस पर जलापूर्ति हेतु कार्मिकों की नियमित रूप से तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी दीपावली के त्योहार पर विद्युत व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित रखने के लिए पृथक से आवश्यक निर्देश दिए गए। पुलिस विभाग को समय-समय पर आतिशबाजी की दुकानों का निरीक्षण करने तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि दुकानों पर पानी, बालू एवं अग्निशमन उपकरण उपलब्ध रखे गए हैं अथवा नहीं।
सभी दुकानदारों को आपातकालीन नंबर 101, 108 एवं 112 अपनी दुकानों पर चस्पा करने के निर्देश दिए गए। नगर मजिस्ट्रेट द्वारा यह भी निर्देशित किया गया कि दुकानों पर विद्युत लाइट की व्यवस्था इस प्रकार की जाए, जिससे किसी भी प्रकार का शॉर्ट सर्किट होने की आशंका न रहे।
इसके अतिरिक्त अग्निशमन विभाग को फायर ब्रिगेड से संबंधित समस्त वाहनों को अग्निकांड जैसी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखने के निर्देश दिए गए, ताकि दीपावली पर्व के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए दीपावली पर्व के दौरान सुरक्षा, विद्युत, अग्निशमन एवं आवश्यक सेवाओं की व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में क्षेत्राधिकारी नगर एस.एन. नेगी, क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर संजय चौहान, उपनगर आयुक्त नगर निगम हरिद्वार दीपक गोस्वामी, सहायक नगर आयुक्त नगर निगम हरिद्वार प्रशांत पाण्डेय, सहायक अभियंता उत्तराखंड जल संस्थान सुब्रत सिंह, सहायक अभियंता विद्युत वितरण खंड हरिद्वार सुश्री प्रियंका अग्रवाल एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

