‎दीनदयाल उपाध्याय मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत 36 श्रद्धालुओं का दल कैंची धाम और जागेश्वर धाम रवाना
‎‎चार दिवसीय धार्मिक यात्रा पर निकला दल, आवागमन, आवास और भोजन की निःशुल्क व्यवस्था
‎‎दीनदयाल उपाध्याय मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के अंतर्गत जनपद टिहरी के घनसाली क्षेत्र से 36 सदस्यीय (19 महिला व 17 पुरुष) वरिष्ठ श्रद्धालुओं का दल चार दिवसीय धार्मिक यात्रा के लिए कैंची धाम और जागेश्वर धाम के लिए रवाना हुआ। स्थानीय जनप्रतिनिधि ग्राम प्रधान भटवाडा सेमल्डीधार मनीषा भट्ट ने हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया।
‎‎जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोबत सिंह राणा ने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालु कैंची धाम, जागेश्वर धाम और आसपास के विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे। श्रद्धालुओं के आने-जाने के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम की बस की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। यात्रा के दौरान दल के साथ एक गाइड भी रहेगा। श्रद्धालुओं के ठहरने और भोजन की व्यवस्था गढ़वाल मंडल विकास निगम तथा कुमाऊं मंडल विकास निगम द्वारा निःशुल्क की जाएगी।
‎‎उन्होंने बताया कि इस वर्ष में योजना के तहत अब तक 150 से अधिक श्रद्धालुओं को बदरीनाथ, गंगोत्री, रीठा मीठा साहिब, जागेश्वर, कालीमठ, गंगोलीहाट सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा कराई जा चुकी है। योजना का उद्देश्य 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की निःशुल्क यात्रा का अवसर उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *