सेवा संकल्प अभियान के तहत राजकीय इंटर कॉलेज क्यूँजा में आयोजित हुए जनहितकारी कार्यक्रम

पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं करियर काउंसलिंग के माध्यम से विद्यार्थियों को किया जागरूक

जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा के निर्देशन में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज शहीद भगवान सिंह राजकीय इंटर कॉलेज, क्यूँजा, विकासखंड अगस्त्यमुनि में विभिन्न जनहितकारी, शैक्षिक एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों के प्रति जागरूक करने के साथ ही उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम के तहत विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही छात्र-छात्राओं को स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए करियर काउंसलिंग कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें विभिन्न शैक्षिक एवं व्यावसायिक अवसरों की जानकारी देकर भविष्य के लिए लक्ष्य निर्धारित करने हेतु प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर जिला पूर्ति अधिकारी श्री के.एस. कोहली द्वारा विद्यालय में अध्ययनरत सभी छात्र-छात्राओं को फल एवं लेखन सामग्री वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के साथ ही उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित करना तथा सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने रंगारंग संगीत प्रस्तुतियां दीं। इसके अतिरिक्त चित्रकला प्रतियोगिता एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी कलात्मक प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। इन गतिविधियों से विद्यालय का वातावरण उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायी बना रहा।

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, शिक्षा, रचनात्मकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने पर जोर दिया गया। अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक एवं प्रोत्साहित करना तथा समाज में जनसेवा और सामूहिक सहभागिता की भावना को सुदृढ़ करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *