गाडोवाली में बुजुर्ग और महिला से मारपीट का आरोप, ग्राम प्रधान के भाई समेत कई पर केस

घर में घुसकर मारपीट करने और विरोध पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का आरोप

हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र के गाडोवाली गांव में किराए के मकान में रह रहे करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग और उनकी बेटी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने ग्राम प्रधान के भाई नफीस और उसके साथियों पर घर में जबरन घुसकर मारपीट करने और विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ितों का मेडिकल कराने के बाद मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित शहीद अहमद के मुताबिक, कुछ दिन पहले उनका एक्सीडेंट हुआ था, जिससे वह पहले से चोटिल हैं। घटना के दौरान वह गाडोवाली स्थित अपने किराए के मकान के बाहर कुर्सी पर बैठे थे। आरोप है कि इसी दौरान ग्राम प्रधान का भाई नफीस वहां से गुजरा और उन्हें कुर्सी हटाकर अंदर जाने को कहा। शहीद अहमद के अनुसार, वह बिना किसी विवाद के घर के अंदर चले गए, लेकिन कुछ देर बाद नफीस अपने साथियों के साथ उनके घर पहुंचा और मारपीट शुरू कर दी।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंची शहीद अहमद की बेटी हीना कौशर और उनके बच्चों के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि जाते समय आरोपी गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ितों ने पथरी थाना पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने उनका मेडिकल कराया और विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पथरी थाना प्रभारी रविंदर कुमार ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में है और जांच की जा रही है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित पक्ष को किसी तरह की परेशानी या अनहोनी की आशंका होने पर वह तत्काल पुलिस से संपर्क कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *