मानसून के दृष्टिगत जल जनित संक्रामक रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण हेतु स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
सी एम ओ ने दिए कड़े दिशा निर्देश

रुद्रपुर। मिशन निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तराखण्ड के निर्देशों के क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, ऊधम सिंह नगर द्वारा जनपद के समस्त चिकित्सा इकाइयों को मानसून एवं मानसून पश्चात् की अवधि में जल जनित रोगों से बचाव हेतु अलर्ट जारी किया गया है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस. के. गोस्वामी ने अवगत कराया कि अत्यधिक वर्षा, बाढ़, पेयजल स्रोतों के दूषित होने तथा साफ-सफाई व्यवस्था प्रभावित होने के कारण वायरल हेपेटाइटिस, डायरिया, हैजा, गैस्ट्रोएंटेराइटिस, टायफाइड जैसे जल जनित रोगों के बढ़ने की संभावना रहती है। समय पर रोकथाम न होने पर यह महामारी का रूप ले सकती है।इस हेतु उन्होंने जनपद की सभी चिकित्सा इकाइयों को दिशा निर्देश जारी किये गए कि समस्त सरकारी व निजी चिकित्सा इकाइयों में ओ.आर.एस., आई.वी. फ्लूइड्स, एंटीबायोटिक्स की पर्याप्त उपलब्धता तथा जल परीक्षण हेतु ब्लीचिंग पाउडर, क्लोरीन टेबलेट्स, ओ.टी. सॉल्यूशन एवं H2S स्ट्रिप्स का स्टॉक रखा जाए।
उन्होंने कहाँ कि रोगियों की संख्या बढ़ने पर त्वरित उपचार हेतु पर्याप्त बेड्स की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिले एवं ब्लॉक स्तर पर गठित रैपिड रिस्पांस टीमों को 24×7 अलर्ट मोड पर रखा गया है। कहीं भी क्लस्टर मिलने पर एपिडेमियोलॉजिस्ट, फिजिशियन, बाल रोग विशेषज्ञ की टीम तत्काल मौके पर जाकर नियंत्रण कार्यवाही करेगी।
सभी चिकित्सालयों द्वारा जल जनित रोगों के मामलों की प्रविष्टि प्रतिदिन आई.डी.एस.पी. पोर्टल पर अनिवार्य रूप से की जाए तथा किसी भी मृत्यु की स्थिति में Death Audit किया जाए।
सी एम ओ ने जल संस्थान विभाग के साथ समन्वय कर जनपद, ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर पेयजल की गुणवत्ता जाँच एवं स्रोतों का विसंक्रमण कराए जाने के निर्देश दिए। नगर निगम, नगर पालिका एवं पंचायती राज विभाग के सहयोग से स्वच्छता अभियान चलाया जाए।सी एम ओ ने आम जनमानस से अपील की है कि पानी उबालकर / विसंक्रमित करके ही पियें एवं ढककर रखें, ताजे खाद्य पदार्थों का सेवन करें व उन्हें ढककर रखें। शौच के बाद, खाना पकाने व खाने से पहले साबुन से हाथ अवश्य धोएं, केवल शौचालय का प्रयोग करें एवं उसे साफ रखें। घर व आसपास जलजमाव न होने दें और पानी की टंकियों को ढककर रखें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी अधिकारियों को उक्त निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *