रुद्रपुर  जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सैनिक परिषद की त्रैमासिक बैठक आयोजित हुई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को भूतपूर्व सैनिकों की समस्याओं एवं शहीद सैनिकों के आश्रितों और वीरांगनाओं की समस्याओं को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने जिला सैनिक कल्याण परिषद की समीक्षा करते हुए कहा कि पूर्व सैनिकों,वीरांगनाओं की समस्याओं के समाधान के लिए शासन-प्रशासन प्रतिबद्ध है,जो समस्याएं उजागर हुई है उनका हर संभव निस्तारण किया जाएगा।जिलाधिकारी ने पूर्व सैनिकों से जुड़े संगठनात्मक व व्यक्तिगत भूमि विवादों के मामलों को लेकर एडीएम तथा संबंधित एसडीएम को 10 दिनों के भीतर समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए।तथा प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए संबंधित पक्षों के साथ वर्चुअल बैठक भी आयोजित करने के निर्देश दिए।इसके अतिरिक्त बैठक में एक वीरांगना से जुड़े भूमि धोखाधड़ी के मामले में जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को तत्काल कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। भूतपूर्व सैनिकों की सैनिक मिलन केंद्र की मांग को लेकर ज़िलाधिकारी ने जसपुर,बाजपुर और काशीपुर में एसे सरकार भवन जो उपयोग में नहीं है का चिन्हीकरण करते हुए उनका प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।पूर्व सैनिकों की गदरपुर में सैनिक ग्राम की माँग पर ज़िलाधिकारी ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को गांव का भ्रमण कर वहाँ की मूलभूत सुविधाओं एवं आवस्थापना संरचनाओं की पड़ताल करने के निर्देश दिए,ताकि तदनुसार आगे की कार्यवाई की जा सके।

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने बताया कि जनपद में करीब 13 हजार भूतपूर्व सैनिक हैं। जिसमें अधिकतम सैनिक खटीमा में और न्यूनतम सैनिक जसपुर में है। जनपद में करीब 18 हजार आश्रित है। उन्होंने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि विभाग द्वारा पूर्व सैनिकों के आश्रितों एवं वीर नारियों के सशक्तिकरण के लिए काशीपुर में कम्प्यूटर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही भर्ती पूर्व प्रशिक्षण भी 24 अगस्त से 18 अक्तूबर तक निःशुल्क दिया जा रहा है। बैठक में पूर्व सैनिकों के द्वारा खटीमा में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय खोलने एवं रुद्रपुर में सीएसडी कैंटीन खोलने की मांग पर भी जोर दिया।

बैठक में दर्जा मंत्री गंभीर सिंह धामी,एडीएम पंकज उपाध्याय,सीओ डीआर वर्मा,जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सीपी कोठारी,ईई विद्युत राजीव चक्रवर्ती,एलडीएम कमल कुमार,सूबेदार धनसिंह सामंत,देवेंद्र सिंह,केप्टन बचन सिंह,सूबेदार मेजर केएस कार्की,त्रिलोक सिंह नेगी सहित अन्य भूतपूर्व सैनिक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *