दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने तेज की तैयारियां*

*पिरान कलियर पहुंचकर समाज कल्याण एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजानदास एवं वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स ने दरगाह में चादर व फूल पेश कर अमन, भाईचारे, खुशहाली और तरक्की की दुआ की*

*उर्स की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*

*हरिद्वार।   दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को उत्तराखंड के समाज कल्याण एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजानदास एवं उत्तराखंड वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स पिरान कलियर पहुंचे। उन्होंने दरगाह साबिर पाक में चादर और फूल पेश कर देश-प्रदेश में अमन, भाईचारे, खुशहाली और तरक्की की दुआ की।

इसके बाद अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर उर्स की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और सभी इंतजाम समय से पूरा करने के निर्देश दिए। पिरान कलियर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने मंत्री खजानदास का फूल-मालाओं से स्वागत किया।

बैठक में उन्होंने जायरीनों की सुविधा, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, साफ-सफाई और मेला क्षेत्र में अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी ली गई। मंत्री खजानदास ने कहा कि दरगाह साबिर पाक के उर्स में देश ही नहीं, बल्कि विदेशों से भी बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा और सुरक्षा को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उर्स/मेला शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं और विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें।

वहीं उन्होंने मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास और जनसुविधाओं को लेकर लगातार काम कर रही है। कलियर उर्स/मेले को भी बेहतर व्यवस्थाओं और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सरकार गंभीर है।

उन्होंने वक्फ बोर्ड अध्यक्ष से कहा कि दरगाह से संबंधित सभी सूचनाएं और रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराई जाएं, ताकि मामलों की प्रभावी ढंग से समीक्षा की जा सके।

वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स ने भी अधिकारियों से उर्स की तैयारियों की जानकारी ली और व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उर्स के दौरान आने वाले जायरीनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभागों को पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।

इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, सीओ भगवानपुर सुमित पांडेय, तहसीलदार विकास अवस्थी, अनीस गॉड, शायर अफजल मंगलौरी, अजहर प्रधान, अकरम साबरी, शफक्कत अली, राव काले खां, बाबा उर्फ मुर्सलीन, शमीम मास्टर, राव शानी उर्फ सदाकत अली, अनीस कसार समेत भाजपा कार्यकर्ता और अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *