26 जुलाई को शौर्य दिवस/विजय दिवस के सफल आयोजन को लेकर जिला कार्यालय में बैठक आयोजित

अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) श्री जितेंद्र कुमार ने अधिकारियों को समयबद्ध एवं गरिमापूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

हरिद्वार,   26 जुलाई 2026 (कारगिल विजय दिवस/शौर्य दिवस) के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिला कार्यालय सभागार में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ कार्यक्रम की रूपरेखा, विभागवार जिम्मेदारियों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम का आयोजन पूर्ण गरिमा, अनुशासन एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को समयबद्ध रूप से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई एवं स्वच्छता, मंच सज्जा, ध्वनि व्यवस्था, पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों के आवागमन, शहीदों को श्रद्धांजलि एवं गार्ड ऑफ ऑनर, एनसीसी कैडेट्स की तैनाती, अतिथियों के स्वागत, जलपान एवं बैठने की समुचित व्यवस्था संबंधित विभागों द्वारा की जाएगी।
इसके अतिरिक्त विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में कारगिल विजय दिवस के महत्व पर आधारित निबंध, भाषण, चित्रकला एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा एवं शहीदों के प्रति सम्मान की भावना विकसित हो सके।
बैठक में 26 जुलाई से पूर्व खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कर विजेताओं को सम्मानित किए जाने तथा कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं गणमान्य अतिथियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।
अपर जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का समय से निर्वहन करने तथा शौर्य दिवस/कारगिल विजय दिवस को गरिमामय एवं सफल बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी डॉ सरिता पंवार ने आयोजित होने वाले कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए संबंधित विभागों  के अधिकारियों से अपेक्षा की है कि जिनके स्तर से जो भी व्यवस्थाएं सहयोग उपलब्ध कराया जाना है वह समय से कर किए जाए ताकि कार्यक्रम को सफलता पूर्वक सम्पन्न कराया जा सके ।
इस अवसर सीओ सदर एसपी बलूनी, मुख्य उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह, डीएसओ रविंदर भंडारी,शिक्षा विभाग से गणेश सकलानी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *